काबुल नदी के जल को लेकर अयोध्या पहुंचे सीएम योगी, गंगाजल के साथ मिलाकर रामजन्मभूमि पर किया जलाभिषेक
01-Nov-2021 03:00 PM 9115
अयोध्या । उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम जन्मभूमि में काबुल नदी के जल को गंगा जल के साथ मिलाकर समर्पित किया। यह जल काबुल की एक बालिका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेजा था। प्रधानमंत्री ने इसे राम जन्मभूमि में समर्पित करने के लिए योगी आदित्यनाथ को भेजा। मुख्यमंत्री इसी जल को लेकर अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राम मंदिर निर्माण स्थल पर पूजन अर्चन करते हुए काबुल नदी और गंगा जल को समर्पित किया। इसके पहले मुख्यमंत्री ने रामलला का दर्शन किया और आरती उतारी। साथ ही राम जन्मभूमि परिसर में चल रहे निर्माण कार्य का अवलोकन किया। तकनीकी विशेषज्ञों ने नक्शे के माध्यम से मंदिर निर्माण की प्रक्रिया से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि राम जन्मभूमि में मंदिर निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। प्लिंथ की भराई का कार्य हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर काबुल नदी और गंगा जल को यहां समर्पित किया गया। इस जल को काबुल की एक बालिका ने भेजा था। उन्होंने कहा कि काबुल की महिलाओं और बालिकाओं की पीड़ा के साथ भारत की संवेदना को जोड़ते हुए राम लला की जन्मस्थली पर जल को अर्पित करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने कहा कि भगवान राम सर्वव्यापी हैं। विश्व का हर एक नागरिक उनके प्रति आस्था को व्यक्त करता है। काबुल की बालिका की भावना का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री ने इस कार्य के लिए मुझे भेजा। इसीलिए मैं विशेष रूप से यहां आया। इस जल को रामलला के चरणों में अर्पित करने के बाद राम जन्मभूमि को समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व में भारत की विभिन्न पवित्र नदियों का जल राम जन्मभूमि लाया गया था। इसी कड़ी में काबुल नदी के जल को भी यहां समर्पित किया गया। Yogi Adityanath..///..cm-yogi-reached-ayodhya-with-the-water-of-kabul-river-mixed-with-gangajal-and-performed-jalabhishek-at-ram-janmabhoomi-326012
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^