चाकू से गर्दन रेतकर पत्नी को मार डाला
29-Nov-2021 05:15 PM 18368
गाजियाबाद । हिंडन विहार कॉलोनी में शनिवार रात करीब डेढ़ बजे पति ने पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस जांच में पता चला है कि घरेलू कलह में वारदात हुई है। आरोपी पति फरार है। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना शनिवार रात करीब डेढ़ बजे की बतायी जाती है, जिसकी जानकारी नंदग्राम थाना पुलिस को रविवार सुबह हुई। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। इस केस में प्रत्यक्षदर्शी मृतका की एकमात्र बेटी नौ वर्षीय आफरीन है। आफरीन के अनुसार, उसकी मां सहाना का इरशाद से दूसरा निकाह करीब एक महीने पहले ही हुआ था। इरशाद मजदूरी करता है, जबकि मां सहाना गृहणी थी। आफरीन ने बताया कि पिता शमशाद मां से दिल्ली चलकर रहने और कहीं कमाने-खाने की जिद कर रहे थे। सहाना बार-बार यही कहती थी कि पहले बच्ची की पढ़ाई पूरी कर लें, उसके बाद दिल्ली चलेंगे। आफरीन ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब डेढ़ बजे मां बाथरूम करने के लिए उठी। इस दौरान दोनों में विवाद हुआ और फिर मारपीट होने लगी। आफरीन चिल्लाने लगी। पिता से कहने लगी कि मां को मत मारो। ऐसा कहती हुई वह बाहर की तरफ निकली, ताकि शोर मचाकर पड़ोसियों को इकट्ठा कर सके। इतने में इरशाद ने पत्नी सहाना का छुरी से गला रेत दिया और फरार हो गया। सहाना की मौके पर मौत हो गई। बेटी आफरीन ने बताया कि शोर मचाने पर पिता इरशाद ने उसको भी थप्पड़ मारे। पुलिस आरोपी को पकड़ने के प्रयास कर रही है। crime..///..killed-wife-by-slitting-her-neck-with-a-knife-331047
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^