सपा के इत्र से आ रही घोटाले व भ्रष्टाचार की दुर्गंध-दिनेश शर्मा
11-Nov-2021 05:00 PM 7025
आगरा । प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लांच किए गए समाजवादी इत्र पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि इत्र से पिछली सरकारों की नफरत, घोटाले, अपराधीकरण और भ्रष्टाचार की दुर्गंध समाप्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के बीच नंबर दो की लड़ाई है। भाजपा का विकासवाद चढ़ कर बोल रहा है। विपक्ष शून्यता की ओर बढ़ रहा है। उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने बुधवार को यहां जनप्रतिनिधियों, अध्यक्षों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि 2022 में भाजपा को सबसे ज्यादा सीट मिलेंगी। उन्होंने कहा कि गांवों तक विकास कार्य पहुंचे हैं। जो काम शेष रह गए हैं, उन्हें एक माह में युद्धस्तर पर पूरा कराया जाएगा। वहीं कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने कहा कि प्रदेश में डीएपी की समस्या नहीं है। किसानों के परेशान और डीएपी के कालाबाजारी होने की बात पर उन्होंने कहा कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध कराई जाएगी। कुछ लोग डीएपी की किल्लत की अफवाह फैला रहे हैं। एक अक्टूबर से अब तक 383 लाइसेंस धारियों को कारण बताओ नोटिस दिया है, 175 लोगों को निलंबित किया है। जहां शिकायतें आई हैं, वहां कार्रवाई की जा रही है। 30 नवंबर तक करीब साढे़ आठ लाख मीट्रिक टन डीएपी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने प्रदेश में प्रियंका गांधी की सक्रियता पर कहा कि कांग्रेस का अब कोई जनाधार नहीं है। 2017 के चुनाव के बाद उनकी हालत खराब है। वो खुद अपने लिए साया ढूंढ रहे हैं, जिससे उनकी इज्जत बन जाए। कांग्रेस और प्रियंका गांधी से भाजपा को कोई खतरा नहीं है। Dinesh Sharma..///..smell-of-scam-and-corruption-coming-from-the-perfume-of-sp-dinesh-sharma-327566
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^