यूपी को अब न बुआ चाहिए न बबुआ, सिर्फ बाबा चाहिए-राजनाथ सिंह
28-Nov-2021 03:00 PM 5131
जौनपुर । रक्षा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने उप्र की योगी सरकार के कामकाज की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए विपक्ष की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को न तो बुआ (मायावती) चाहिए न तो बबुआ (अखिलेश यादव) चाहिए। सूबे को सिर्फ बाबा चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव के जिन्ना वाले बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि किस कब्र से जिन्ना को निकाल रहे हैं। किस बोतल से जिन्ना को निकाला जा रहा है। जिन्ना पाकिस्तान के जनक हैं, हो सकते हैं लेकिन भारत के कभी नहीं होंगे। जौनपुर में शनिवार को तिलकधारी महाविद्यालय के शहीद उमानाथ सिंह मैदान में भाजपा के बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे। इस मौके पर रक्षा मंत्री ने कहा कि इस तरह का कार्यक्रम देख कर उन्हें यकीन हो गया है कि तीन चौथाई बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने जा रही है। काशी क्षेत्र भारत की आध्यात्मिक चेतना का क्षेत्र है। माता अन्नपूर्णा की प्रतिमा 120 साल पहले चुराकर दूसरे देश में पहुंचा दी गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसे अपने देश वापस ले आए। यह हमारे लिए एक शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने फैसला लिया कि भूख के कारण एक भी व्यक्ति दम न तोड़ने पाए। इसी के चलते गरीब कल्याण योजना को होली तक बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि हम भारत की राजनीति में विश्वास के संकट को बढ़ाना नहीं चाहते। हम जो कहते हैं वह करते हैं। राम मंदिर और धारा 370 इसके उदाहरण हैं। हमारा भारत दुनिया की नजरों में कमजोर भारत नहीं रहा है। हम किसी को छेड़ेंगे नहीं लेकिन अगर कोई हमें छेड़ता है तो हम उसे छोड़ेंगे नहीं। हमने पूरे विश्व में वसुधैव कुटुंबकम का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि हमने किसी की एक इंच जमीन पर भी कब्जा नहीं किया है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए लाचारी व्यक्त की थी। भ्रष्टाचार पर ऐसी लाचारी उन्होंने व्यक्त करते हुए कहा था कि हमारे 100 पैसा भेजने पर लोगों को जमीन पर 15 पैसा मिलता है। लेकिन पीएम मोदी जब पैसा भेजते हैं। तो 100 का 100 पैसा पहुंचता है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल पूछते हुए कहा कि भ्रष्टाचार को काबू करने की नीयत क्या कभी उनके पास थी। हिंदुस्तान में आने वाले समय में एक ऐसा जिला नहीं बचेगा जिसके अंदर मेडिकल कॉलेज ना बन जाए। Rajnath Singh..///..up-now-needs-neither-bua-nor-babua-only-baba-rajnath-singh-330828
© 2025 - All Rights Reserved - Youth18 | Hosted by SysNano Infotech | Version Yellow Loop 24.12.01 | Structured Data Test | ^